द मीडिया टाइम्स डेस्क
न्यूयॉर्क (अमेरिका), 30 मई (भाषा): अमेरिका के टेक्सास राज्य के 13 वर्षीय भारतीय-अमेरिकी छात्र फैजान जाकी ने प्रतिष्ठित ‘2025 स्क्रिप्स नेशनल स्पेलिंग बी’ प्रतियोगिता जीतकर एक बार फिर भारतीय मूल के बच्चों की प्रतिभा और प्रभुत्व को साबित किया है।प्रतियोगिता के निर्णायक क्षण में फैजान ने ‘एक्लेरसिसमेंट’ शब्द का उच्चारण पूरी तरह सही करके विजेता का ताज अपने नाम किया। उनके आत्मविश्वास और भाषा पर मजबूत पकड़ ने उन्हें अन्य प्रतिभागियों से आगे रखा।
फैजान ने फाइनल राउंड में सर्वदन्या कदम को पीछे छोड़ते हुए यह खिताब जीता। यह जीत न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि अमेरिका में बसे भारतीय समुदाय के लिए भी गर्व का विषय है, जो पिछले कई वर्षों से इस प्रतियोगिता में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है।यह प्रतियोगिता अमेरिका की सबसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में से एक मानी जाती है, जिसमें देशभर के होनहार छात्र हिस्सा लेते हैं और जटिल अंग्रेजी शब्दों की वर्तनी बताकर अपनी योग्यता का प्रदर्शन करते हैं।




