द मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना। बच्चों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और गार्डासिल वैक्सीनेशन अभियान की निगरानी के उद्देश्य से सिविल सर्जन डॉ. वाईपी मंडल मंगलवार को गुलजारबाग स्थित एक स्कूल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों से संवाद कर टीकाकरण, स्वच्छता और अच्छे स्वास्थ्य के महत्व के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी।
डॉ. वाईपी मंडल ने बच्चों को बताया कि टीकाकरण कई गंभीर बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है और समय पर वैक्सीन लेना स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा, “टीकाकरण हमें कई गंभीर बीमारियों से सुरक्षा देता है। इसलिए हर बच्चे को समय पर वैक्सीन लेना चाहिए और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए।” इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के सवालों का जवाब भी दिया और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी दी।
सिविल सर्जन ने बच्चों को केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं रहने, बल्कि जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने की भी सीख दी। उन्होंने कहा, “शिक्षा का उद्देश्य सिर्फ नौकरी पाना नहीं है, बल्कि एक अच्छा, जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनना भी है।”
उन्होंने विद्यार्थियों को देश की महान हस्तियों के संघर्ष और योगदान के बारे में बताते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी मेहनत, अनुशासन और लगन से सफलता हासिल की जा सकती है।
विद्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए डॉ. मंडल ने बच्चों को नियमित रूप से हाथ धोने, साफ-सफाई रखने और स्वास्थ्य संबंधी नियमों का पालन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा, “अच्छी सेहत के लिए स्वच्छता उतनी ही जरूरी है, जितनी पढ़ाई और अनुशासन।”
इस दौरान स्कूल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौजूद रही। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और वैक्सीनेशन अभियान को सफल बनाना रहा।




