द मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना, 24 मई : बिहार के मोकामा में कुख्यात गैंगस्टर सोनू-मोनू गैंग के गुर्गों द्वारा पुलिस की तलाशी को लेकर सियासी बवाल मच गया है। आरजेडी से लेकर कांग्रेस तक कर हर कोई सरकार को घेरने में लगा है। कांग्रेस ने गैंगस्टर के गुर्गों द्वारा तलाशी लेने पर कहा कि आज बिहार पुलिस के माथे पर एक और कलंक काली स्याही से मोकामा में लिख दिया गया है। वहीं, बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने पुलिस के साथ मोकामा में हुई घटना पर पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि पुलिस के साथ ज्यादती करने वालों क्या अंजाम होता है, यह किसी से छिपा नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस के साथ इस तरह की घटना ऐसे समय में हुई है, जब पुलिस की टीम फायरिंग के मामले में सोनू-मोनू गैंग घर पर रेड करने पहुंची थी। हालांकि, रेड से पहले ही पुलिस की गैंगस्टर के घर पर तलाशी ली गई। बताया जा रहा है कि मामला एक फेसबुक पोस्ट से जुड़ा है। सरपंच पति मुकेश सिंह ने फेसबुक पर पोस्ट कर पुलिस की प्रशंसा की थी। शनिवार शाम मुकेश सिंह पंचायत करने गांव में ही जा रहे थे। इसी बीच गैंगस्टर सोनू-मोनू के पिता प्रमोद सिंह ने उस पोस्ट को डिलीट करने को कहा, जिस दौरान दोनों में विवाद हो गया। इसके बाद प्रमोद सिंह ने अपने बेटे सोनू-मोनू को फोन कर बुलाया। आरोप है कि सोनू-मोनू के साथ उसके गुर्गों ने मुकेश सिंह पर कई राउंड फायरिंग की। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुल तीन राउंड फायरिंग हुई है, जिसमें मुकेश सिंह बाल-बाल बच गए हैं। मुकेश सिंह, मोकामा विधायक अनंत सिंह के समर्थक हैं।




