द मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना, 7 मई : मातृत्व के सम्मान और मां के प्रति प्रेम व कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से टेंडर हार्ट्स इंटरनेशनल स्कूल में 8 मई को विशेष मदर्स डे समारोह का आयोजन किया जाएगा। स्कूल परिसर में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राएं अपनी माताओं के सम्मान में विभिन्न सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लेंगे।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और अभिभावकों के बीच भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करना तथा समाज में मां की भूमिका और महत्व को सम्मान देना है। स्कूल की ओर से कहा गया है कि मां पृथ्वी पर ईश्वर का जीवंत स्वरूप होती हैं, जो अपने बच्चों के पालन-पोषण, सुरक्षा और संस्कारों के लिए जीवनभर समर्पित रहती हैं।
मदर्स डे समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा ग्रीटिंग कार्ड मेकिंग, माताओं को समर्पित भाषण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और कई मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा अपनी माताओं के प्रति प्रेम और सम्मान को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
समारोह को और खास बनाने के लिए माताओं के लिए विशेष प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। इनमें ‘बेस्ट मदर अवॉर्ड’, ‘बेस्ट स्टोरी टेलिंग मदर’ और ‘बेस्ट केयरिंग मदर’ जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि इन गतिविधियों के माध्यम से माताओं को सम्मानित करने के साथ-साथ परिवार और समाज में उनके योगदान को भी सराहा जाएगा।
यह कार्यक्रम 8 मई 2026 को सुबह 9:30 बजे टेंडर हार्ट्स इंटरनेशनल स्कूल के मुख्य भवन में आयोजित होगा। आयोजन को लेकर विद्यालय में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
विद्यालय प्रशासन ने मीडिया संस्थानों से भी कार्यक्रम के कवरेज के लिए संवाददाता और छायाकार भेजने का अनुरोध किया है। स्कूल प्रबंधन का मानना है कि इस तरह के आयोजन बच्चों में संस्कार, सम्मान और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।




