द मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना, 11 मई | बिहार के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों को बड़ा मंच देने के उद्देश्य से आयोजित बिहार प्राइड कप के ट्रायल मैच 15 और 16 मई को राज्य के चार जिलों पटना, मोतिहारी, समस्तीपुर और लखीसराय में एक साथ आयोजित किए जाएंगे। टूर्नामेंट को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों में उत्साह देखा जा रहा है।
टूर्नामेंट के कन्वेनर प्रभात कुमार ने बताया कि ट्रायल मैचों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर पूरे बिहार से 60 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को बिहार प्राइड कप की छह टीमों में शामिल किया जाएगा। इसके बाद सभी चयनित खिलाड़ियों के लिए पटना में विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा।
प्रभात कुमार ने कहा, “हमारा उद्देश्य बिहार के हर जिले से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मौका देना है। चयन पूरी पारदर्शिता के साथ केवल खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।”
उन्होंने बताया कि बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) से 30 सीनियर खिलाड़ियों की मांग की गई है, ताकि प्रत्येक टीम में पांच-पांच अनुभवी खिलाड़ियों को शामिल किया जा सके। इससे युवा खिलाड़ियों को वरिष्ठ खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा।
आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि ट्रायल और चयन प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क होगी। खिलाड़ियों या अभिभावकों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके साथ ही खिलाड़ियों से किसी भी भ्रामक सूचना या असामाजिक तत्वों से सावधान रहने की अपील भी की गई है।
गौरतलब है कि बिहार प्राइड कप का आयोजन स्वर्गीय राम विलास पासवान की पुण्य स्मृति में किया जा रहा है। टूर्नामेंट के अध्यक्ष सुनील पासवान ने कहा कि यह प्रतियोगिता बिहार के ग्रामीण और छोटे शहरों में छिपी क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे लाने की महत्वपूर्ण पहल है।
सुनील पासवान ने कहा, “बिहार में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ सही मंच और मार्गदर्शन की है। हमारा प्रयास है कि युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिले और बिहार क्रिकेट को नई पहचान मिल सके।”
उन्होंने यह भी कहा कि खिलाड़ियों के चयन में पूरी पारदर्शिता रखी जाएगी और किसी भी तरह की सिफारिश या पक्षपात को जगह नहीं दी जाएगी।
आयोजकों ने बताया कि पटना, समस्तीपुर, मोतिहारी और लखीसराय ट्रायल के लिए टीमों की सूची जारी कर दी गई है। टूर्नामेंट से जुड़ी जानकारी के लिए खिलाड़ी और अभिभावक कन्वेनर प्रभात कुमार से मोबाइल नंबर 9939089666 पर संपर्क कर सकते हैं।
खेल प्रेमियों का मानना है कि इस तरह के टूर्नामेंट बिहार में क्रिकेट संस्कृति को मजबूत करने और नए खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे।




