इंडोनेशिया के प्रमुख इस्लामी संगठन नहदातुल उलमा के अध्यक्ष ने शुक्रवार को भारत के सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान आतंकवाद के सभी रूपों की कड़ी निंदा की और कहा कि भारत और इंडोनेशिया को शांति, सह-अस्तित्व और आर्थिक विकास के लिए मिलकर काम करना चाहिए।उन्होंने कहा कि दोनों देश सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रूप से गहराई से जुड़े हैं और ऐसे समय में जब दुनिया अनेक चुनौतियों का सामना कर रही है, भारत और इंडोनेशिया की साझेदारी एक स्थायी समाधान की दिशा में एक मजबूत कदम हो सकती है।
इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के सांसद संजय कुमार झा कर रहे हैं। भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय राजनीतिक नेताओं, कूटनीतिक प्रतिनिधियों और थिंक टैंक विशेषज्ञों से भी मुलाकात की और भारत-इंडोनेशिया संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा की।इस मुलाकात के दौरान वैश्विक शांति, चरमपंथ का मुकाबला, अंतरधार्मिक संवाद और आपसी आर्थिक सहयोग जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया। दोनों देशों ने सहमति व्यक्त की कि एक साझा मंच के माध्यम से दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया में स्थिरता और विकास को बढ़ावा दिया जा सकता है।




