जमशेदपुर के एमजीएम पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अपराधियों को घटना को अंजाम देने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए अपराधियों में एक विश्वजीत सिंह उर्फ रौकी और दूसरा राहुल सिंह उर्फ छोटू शामिल हैं। इन दोनों के पास से तीन हथियार बरामद किए गए हैं, जिसमें दो देशी पिस्टल और एक देशी कट्टा शामिल है। इसके साथ ही, दोनों के पास से एक बाइक भी जप्त की गई है।
एसएसपी कुशोर कौशल ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो अपराधी एक स्कूल के पास देखे जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान यह जानकारी मिली कि इन दोनों ने पहले भी कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है, जिनमें फायरिंग, धमकाना, और छिनतई जैसी घटनाएं शामिल हैं। दोनों अपराधी पहले भी जेल जा चुके हैं।
एसएसपी ने यह भी कहा कि ये दोनों अपराधी शहर में नया गैंग बनाने के प्रयास में थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते उन्हें गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल, दोनों को जेल भेज दिया गया है।




