द मीडिया टाइम्स डेस्क
फतुहा/ पटना, 24 मई : बिहार की राजधानी पटना में बेखौफ अपराधियों का तांडव लगातार जारी है। अब पटना के फतुहा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां आपसी विवाद में एक युवक को सरेआम गोली मार दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घायल युवक को गंभीर हालत में इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी पर ‘भारत सरकार’ और ‘GST’ लिखा हुआ है, जिसने पुलिस महकमे में भी खलबली मचा दी है।
यह सनसनीखेज वारदात फतुहा थाना क्षेत्र के डुमरी संपर्क पथ की है। जानकारी के मुताबिक, एक कार में सवार होकर तीन युवक पटना से डुमरी पहुंचे थे। जिस कार से वे आए थे, उस पर भारत सरकार और GST लिखा हुआ है, जिससे पूरा मामला बेहद संदिग्ध नजर आ रहा है। डुमरी के पास किसी बात को लेकर तीनों युवकों में तीखी बहस शुरू हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि दो युवकों ने मिलकर अपने ही साथी बिट्टू नामक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली बिट्टू के कमर में लगी और वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल युवक की पहचान पटना के कोरजी निवासी बिट्टू के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत फतुहा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही फतुहा पुलिस और डीएसपी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध कार को जब्त कर लिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सबूत जुटाने के लिए FSL (फोरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।फतुहा डीएसपी अवधेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि डुमरी के पास तीन युवकों में आपसी विवाद हुआ था, जिसमें एक युवक को गोली लगी है। गाड़ी बरामद कर ली गई है, FSL की टीम जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है, जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।




