Ad
vv
LIVE
Thu, 20 Aug 2026
--°
Loading...
Bihar

बिहार T-10 लीग 2026 का आगाज, खिलाड़ियों के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू

द Media Times डेस्क पटना, 11 मई | बिहार में क्रिकेट को नई पहचान देने और युवा खिलाड़ियों को बड़ा मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को बिहार T-10…

May 11, 2026
3 min read
बिहार T-10 लीग 2026 का आगाज, खिलाड़ियों के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू

Photo: The Media Times / Representative Image

T
The Media Times
The Media Times

द Media Times डेस्क

पटना, 11 मई | बिहार में क्रिकेट को नई पहचान देने और युवा खिलाड़ियों को बड़ा मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को बिहार T-10 लीग 2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। राजधानी पटना के मौर्य होटल में आयोजित कार्यक्रम में बिहार सरकार की उद्योग एवं खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह, सांसद एवं लीग के ब्रांड एम्बेसडर मनोज तिवारी और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवींद्रन शंकरण ने संयुक्त रूप से लीग का उद्घाटन किया। इस दौरान लीग का आधिकारिक लोगो और शुभंकर भी लॉन्च किया गया। कार्यक्रम में फ्रेंचाइजी ऑनरों को सम्मानित किया गया और खिलाड़ियों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत समारोह, राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। आयोजन के दौरान खेल और क्रिकेट जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इस मौके पर सांसद मनोज तिवारी ने कहा, “बिहार के टेनिस बॉल क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए यह लीग बड़ा मंच साबित होगी। राज्य में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ सही अवसर और बेहतर मंच की है। खेल युवाओं को फिट और अनुशासित बनाता है। जब युवा फिट रहेंगे तो समाज और सरकार दोनों मजबूत होंगे।”

उन्होंने आगे कहा, “इस लीग के जरिए बिहार के खिलाड़ी राज्य और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। आने वाले समय में बिहार क्रिकेट के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।”

खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने कहा, “बिहार और केंद्र सरकार लगातार खेलों के विकास के लिए काम कर रही है। राज्य में खेल का माहौल तेजी से बदल रहा है। सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रशिक्षण देने के लिए एकलव्य सेंटर से लेकर एक्सीलेंस सेंटर तक चला रही है।”

आयोजकों ने बताया कि बिहार T-10 लीग की आधिकारिक वेबसाइट भी लॉन्च कर दी गई है, जिसके माध्यम से खिलाड़ी ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। इसके बाद राज्य के आठ जिलों में ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नीलामी प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।

आयोजनकर्ता संस्था कॉर्पोरेट स्ट्राइकर्स क्रिकेट काउंसिल ने बताया कि बिहार T-10 लीग 2026 के लिए खिलाड़ी 11 मई से 31 मई 2026 तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके बाद 1 जून से 20 जून तक आठ जिलों में जिला स्तरीय ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। चयनित खिलाड़ियों की नीलामी 28 जून को होगी, जबकि लीग का आयोजन 5 जुलाई 2026 से शुरू किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार इस लीग का उद्देश्य बिहार के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों को पेशेवर मंच उपलब्ध कराना और राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा, “यह लीग बिहार के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और उन्हें बड़े स्तर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।”

कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बिहार T-10 लीग को राज्य में क्रिकेट के नए दौर की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

RECOMMENDED FOR YOU

Podcast

The Media Times Daily — a 10-minute audio brief.

Hosted by our senior editors, every weekday morning.

Listen now
Video

Explainers, ground reports and long-form documentaries.

Original programming produced by The Media Times.Live studios.

Watch on YouTube