Ad
vv
LIVE
Thu, 20 Aug 2026
--°
Loading...
Bihar

115 करोड़ की मंदिरी नाला रोड का उद्घाटन, पटना को जाम और जलजमाव से राहत की उम्मीद

द मीडिया टाइम्स डेस्क पटना, 12 मई | राजधानी पटना में सोमवार को बहुप्रतीक्षित मंदिरी नाला रोड परियोजना का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया। करीब 115 करोड़ रुपये की…

May 11, 2026
2 min read
115 करोड़ की मंदिरी नाला रोड का उद्घाटन, पटना को जाम और जलजमाव से राहत की उम्मीद

Photo: The Media Times / Representative Image

T
The Media Times
The Media Times

द मीडिया टाइम्स डेस्क

पटना, 12 मई | राजधानी पटना में सोमवार को बहुप्रतीक्षित मंदिरी नाला रोड परियोजना का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया। करीब 115 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस सड़क परियोजना को शहर के बड़े विकास कार्यों में शामिल माना जा रहा है। उद्घाटन कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहे। इस मौके पर उन्होंने अपने दिवंगत पिता और पूर्व जनप्रतिनिधि नवीन किशोर सिन्हा को याद करते हुए कहा कि यह परियोजना उनके पिता के सपनों में शामिल थी।

नितिन नवीन ने कहा, “मेरे पिता हमेशा चाहते थे कि बांकीपुर और आसपास के लोगों को बेहतर सड़क और जलनिकासी की सुविधा मिले। आज उनका सपना पूरा होता दिख रहा है। उनके आशीर्वाद से मुझे क्षेत्र की सेवा करने का अवसर मिला।”

उन्होंने उद्घाटन से पहले नवीन सिन्हा मेमोरियल पार्क पहुंचकर अपने पिता को श्रद्धांजलि भी अर्पित की। उन्होंने कहा कि नवीन किशोर सिन्हा की सादगी, जनसेवा और संकल्प आज भी राजनीति में प्रेरणा का स्रोत हैं।

मंदिरी नाला रोड बनने के बाद अब लोगों को इनकम टैक्स गोलंबर से सीधे गंगा पथ तक जाने का रास्ता मिल गया है। इससे पटना शहर में यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद जताई जा रही है। खासकर PMCH, NMCH, गायघाट, कंगनघाट, गुरुद्वारा और दीदारगंज जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, “यह परियोजना सिर्फ सड़क निर्माण नहीं, बल्कि पटना के भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। इससे शहर में जाम और जलजमाव जैसी पुरानी समस्याओं में काफी सुधार होगा।”

बताया गया कि इस परियोजना का शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में हुआ था। उस समय बांकीपुर विधायक रहे नितिन नवीन ने इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई थी। लंबे समय से स्थानीय लोग बेहतर सड़क और मजबूत ड्रेनेज सिस्टम की मांग कर रहे थे।

बरसात के दिनों में मंदिरी इलाके में जलजमाव बड़ी समस्या बन जाती थी। इससे लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता था और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होती थी। अब नई सड़क और बेहतर जलनिकासी व्यवस्था बनने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

स्थानीय नागरिकों ने भी परियोजना के उद्घाटन पर खुशी जताई। लोगों का कहना है कि यह सड़क राजधानी की यातायात व्यवस्था को काफी हद तक आसान बनाएगी और शहर के विकास को नई गति देगी।

RECOMMENDED FOR YOU

Podcast

The Media Times Daily — a 10-minute audio brief.

Hosted by our senior editors, every weekday morning.

Listen now
Video

Explainers, ground reports and long-form documentaries.

Original programming produced by The Media Times.Live studios.

Watch on YouTube