बिहार में ताबड़तोड़ एनकाउंटर : जहानाबाद का कुख्यात रावण मुठभेड़ में घायल, फायरिंग में बाल- बाल बचे पुलिस कर्मी
द मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना, 22 मई : बिहार के जहानाबाद में पुलिस ने कुख्यात किलर विक्कू सिंह उर्फ रावण का आपरेशन लंगड़ा के तहत हॉफ इनकाउंटर कर दिया। दो दिन पहले हुए
दीपक हत्याकांड के मुख्य आरोपी रावण को पैर में गोली लगी। पिछले चार दिन में बिहार में यह छठा इनकाउंटर है। इन चार दिनों में जमुई, सीवान, किशनगंज और पटना जिले में मुठभेड़ में अपराधियों को गोली मारी गई है।
दो दिन पहले जहानाबाद के भेलावर थाना क्षेत्र में दीपक कुमार नाम के युवक की हत्या कर दी गयी थी। इसी मामले में गिरफ्तार रावण को लेकर पुलिस इस कांड में प्रयोग में लाए गये हथियार को बरामद करने घोसी थाना क्षेत्र के धुरियारी गांव के निकट नहर किनारे पहुंची थी। इसी दौरान रावण ने उसी हथियार से पुलिस पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में एक गोली घोसी थाना प्रभारी की गाड़ी में लगी। उसके बाद उसने वहां से भागने की कोशिश की। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी। पुलिस की फायरिंग में रावण के बाएं पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर गया। पुलिस घायल अपराधी को लेकर पीएचसी घोसी पहुंची। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जहानाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।




