द मीडिया टाइम्स डेस्क
पटना, 22 मई : प्रधानमंत्री मोदी और साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने नई दिल्ली में द्विपक्षीय वार्ता के दौरान भारत-साइप्रस रिश्तों को रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने पर जोर दिया। पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों की दोस्ती मजबूत और भविष्य केंद्रित है, वहीं साइप्रस राष्ट्रपति ने भारत-यूरोपीय संघ सहयोग को और मजबूत करने की बात कही। भारत और साइप्रस के संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस के बीच नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता हुई। पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों की दोस्ती न केवल मजबूत है, बल्कि भविष्य की जरूरतों और संभावनाओं के अनुरूप भी है। बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल और विदेश सचिव विक्रम मिस्री समेत दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




